ऋषिकेश,11 नवंबर (आरएनएस)। अंतरविद्यालयी विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज़ 2025 के सीनियर वर्ग में ऋषिकेश पब्लिक स्कूल एवं जूनियर वर्ग में फुटहिल्स एकेडमी ने बाजी मारी। प्रदर्शनी में क्षेत्र में 30 स्कूलों ने भाग लिया। डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में अंतरविद्यालयी विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज़ 2025 का आयोजन किया गया। जिसमें बाल वैज्ञानिकों ने जिज्ञासा, अनुसंधानशीलता, सृजनात्मकता और नवाचार के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रदर्शनी में ऋषिकेश पब्लिक स्कूल चैंपियन रहा। प्रधानाचार्य शिव सहगल ने बताया कि यह आयोजन विद्यार्थियों की जिज्ञासा, अनुसंधानशीलता, सृजनात्मकता और नवाचार की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से किया गया। प्रदर्शनी के जूनियर वर्ग में फुटहिल्स एकेडमी, होराइजन स्कूल तथा हैप्पी होम पब्लिक स्कूल ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि सीनियर वर्ग में ऋषिकेश पब्लिक स्कूल ने पहला,भरत मंदिर इंटर कॉलेज ने दूसरा तथा एसडीएम पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं क्विज़ में ओमकारानंद सरस्वती निलयम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

