उत्तरकाशी,11 नवंबर (आरएनएस)। मंगलवार को सांसद टिहरी गढ़वाल माला राज्य लक्ष्मी शाह ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेते हुए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समयबद्धता तथा पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। कहा कि लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं। मंगलवार को जिला सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद राज्यलक्ष्मी शाह ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और सार्वजनिक शिकायत निवारण पर विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने पीएमजीसवाई के सड़क निर्माण एवं विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। सड़कों की हालत सुधारने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक से पहले सभी महत्वपूर्ण लंबित कार्यों को पूरा कर लिया जाए और प्रगति रिपोर्ट तैयार रखी जाए। बैठक में उपस्थित जि़लाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समय सीमा के भीतर पालन करें। कहा कि जिले में केन्द्र पोषित योजनाओं को पूरी तत्परता से संचालित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, दर्जधारी राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान, रामसुंदर नौटियाल, प्रताप सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, रणवीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल, मनोज कोहली, नौगांव नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार, सीडीओ जय भारत सिंह, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम डुंडा देवानंद शर्मा, पीडी अजय सिंह आदि थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

