कोलकाता 11 नवंबर (आरएनएस) पश्चिम बंगाल में पश्चिमी ठंडी हवाओं का असर बढ़ जाने के कारण पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। वहीं, कोलकाता में तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। अलीपुर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से आज सुबह जारी बयान के अनुसार इस ठंड का असर सप्ताहांत तक जारी रहने के आसार हैं। मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवातीय परिसंचरण धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। दक्षिण बांग्लादेश और उससे सटे क्षेत्रों में एक चक्रवातीय प्रणाली सक्रिय है, वहीं एक अन्य प्रणाली उत्तर तमिलनाडु और आसपास के इलाकों में बनी हुई है। राज्य के पश्चिमी हिस्सों में सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा है, जबकि दिन में धूप निकलने के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी होती है। वर्तमान में तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। हल्की कुहासा भी देखने को मिल रही है। खासकर तटीय और उससे सटे जिलों में इसकी तीव्रता अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार-पांच दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव का अनुमान नहीं है और न्यूनतम तापमान भी लगभग इसी स्तर पर बने रहने के आसार हैं। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अगले तीन-चार दिनों तक मौसम में विशेष परिवर्तन का अनुमान नहीं है। हवा में नमी की मात्रा 50 से 89 प्रतिशत के बीच बनी हुई है।
–

