रायपुर, 12 नवम्बर (आरएनएस)। प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों में सुधार लाने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने 22 राज्य स्तरीय अधिकारियों को विभिन्न जिलों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी है। ये अधिकारी अपने-अपने आबंटित जिलों में जाकर स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे, अधिकारियों की बैठक लेंगे और शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे।
विभाग ने 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के पिछले वर्ष के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर इस बार एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत प्रत्येक माह यूनिट टेस्ट आयोजित किए जाएंगे और विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए प्रश्न पत्रों के ब्लूप्रिंट से अवगत कराया जाएगा। कमजोर विद्यार्थियों की मदद के लिए शिक्षकों को मेंटर बनाकर समूह आधारित जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्ययोजना के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने संयुक्त संचालक से लेकर सहायक संचालक स्तर तक के अधिकारियों को जिलों में नियुक्त किया है। ये अधिकारी 20 नवंबर तक अपने निरीक्षण प्रतिवेदन संचालनालय में जमा करेंगे। योजना के अनुसार स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। छमाही परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन एक-दूसरे स्कूलों में तथा वार्षिक परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन अन्य विकासखंडों में किया जाएगा। साथ ही छात्रों की हैंडराइटिंग और होमवर्क पर भी विशेष फोकस रहेगा। जिन अधिकारियों को जिले आबंटित किए गए हैं, उनमें प्रमुख नाम हैं किशोर कुमार (जगदलपुर, बीजापुर), आशुतोष चावरे (बालोद, गरियाबंद), राकेश पांडेय (बलरामपुर, जशपुर), हेमंत उपाध्याय (सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती), आर.एल. ठाकुर (कवर्धा, दुर्ग), अशोक नारायण बंजारा (बिलासपुर, रायगढ़), बनवारी देवांगन (कोरिया, एमसीबी), आनंद सारस्वत (कांकेर), राजेश सिंह (सुकमा, नारायणपुर), डी.के. कौशिक (दंतेवाड़ा, राजनांदगांव), महेश नायक (महासमुंद, रायपुर), हरिश्चंद्र दिलावर (मुंगेली), अमरदास कुर्रे (धमतरी), लवकुमार साहू (बेमेतरा), आदित्य पाटनवार (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही), रामजी पाल (कोरबा), सतीश नायर (जांजगीर-चांपा), इंदिरा गांधी (बलौदाबाजार), बजरंग प्रजापति (केसीजी, मोहला-मानपुर-चौकी), ओमप्रकाश देवांगन (कोण्डागांव), प्रकाशचंद्र मिश्र (सूरजपुर) और अखिलेश तिवारी (अंबिकापुर)। विभाग का उद्देश्य है कि इन निरीक्षणों और नियमित मूल्यांकन के माध्यम से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल हों।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

