बिलासपुर, 12 नवम्बर (आरएनएस)। बिलासपुर रेल हादसे में घायल डीपी विप्र कॉलेज की छात्रा महविश परवीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अपोलो अस्पताल में बीते एक सप्ताह से उसका उपचार चल रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बुधवार को उसने अंतिम सांस ली। इस घटना के साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
जानकारी के अनुसार, महविश परवीन डीपी विप्र कॉलेज, बिलासपुर में बीएससी गणित की नियमित छात्रा थी। वह 4 नवंबर को अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के बाद जांजगीर से बिलासपुर लौट रही थी। इसी दौरान कोरबा-बिलासपुर मेमू ट्रेन लालखदान के पास मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय महविश महिला कोच में सवार थी। टक्कर के दौरान उसके दोनों पैर लोहे के एंगल के नीचे दब गए थे। उसके पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर, कॉलर बोन और चार पसलियों में गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभ में उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर अपोलो अस्पताल रेफर किया गया था। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद महविश को बचाया नहीं जा सका। गहरी चोटों और आंतरिक रक्तस्राव के कारण उसने दम तोड़ दिया। महविश की मौत की खबर से डीपी विप्र कॉलेज परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। छात्र-छात्राएं और शिक्षक भावुक हो उठे। कॉलेज प्रशासन ने दिवंगत छात्रा के प्रति संवेदना व्यक्त की है और परिवार को सांत्वना दी है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

