रायपुर, 12 नवम्बर (आरएनएस)। लंबे इंतजार के बाद ई-संवर्ग के पदोन्नत प्राचार्यों की पोस्टिंग प्रक्रिया आखिरकार शुरू होने जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इन प्राचार्यों की नियुक्ति के लिए 17 नवंबर से काउंसिलिंग आयोजित करने की घोषणा की है। राजधानी रायपुर स्थित शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकरनगर में यह प्रक्रिया 21 नवंबर तक चलेगी।
जानकारी के अनुसार, इस काउंसिलिंग में करीब 1,000 पदोन्नत प्राचार्य शामिल होंगे। विभाग ने पहले ही 30 अप्रैल को व्याख्याता, व्याख्याता (एलबी) और प्रधान पाठक (माध्यमिक ई-संवर्ग) से प्राचार्य पद पर पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए थे। हालांकि आदेश जारी होने के बाद इस पर एक याचिका हाईकोर्ट में दायर की गई थी, जिसके चलते पोस्टिंग की प्रक्रिया स्थगित हो गई थी। अब हाईकोर्ट द्वारा शासन के पक्ष में फैसला आने के बाद पदोन्नत प्राचार्यों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। विभाग ने काउंसिलिंग का विस्तृत शेड्यूल भी जारी किया है। 17 नवंबर को सुबह 10 से 1:30 बजे तक क्रमांक 1 से 125 और दोपहर 2 से 5 बजे तक क्रमांक 126 से 250 तक की काउंसिलिंग होगी। इसी तरह 18 नवंबर को क्रमांक 251 से 500, 19 नवंबर को 501 से 750, और 20 नवंबर को 751 से 1000 तक की काउंसिलिंग होगी। 21 नवंबर को अनुपस्थित प्राचार्यों की काउंसिलिंग रखी गई है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि काउंसिलिंग पूरी होने के बाद सभी चयनित प्राचार्यों को शीघ्र ही उनके नए पदस्थापना स्थलों पर पदभार ग्रहण कराने की कार्रवाई की जाएगी। हाईकोर्ट के निर्णय के बाद छह माह से इंतजार कर रहे पदोन्नत प्राचार्यों के लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

