0- 11 नवम्बर को एक दिन में 242 से अधिक मामलों में कार्रवाई
0 ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत अवैध शराब, चखना सेंटर, अड्डेबाज़ी और ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की
बलौदाबाजार, 12 नवंबर (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कानून व्यवस्था मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर रोकथाम के लिए व्यापक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, चखना सेंटर संचालन, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और अड्डेबाज़ी जैसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की है।
अवैध शराब और चखना सेंटर पर कार्रवाई
दिनांक 11 नवम्बर 2025 को अभियान के तहत पुलिस ने जिलेभर में दबिश देते हुए अवैध शराब बिक्री, अवैध चखना सेंटर संचालन एवं सार्वजनिक स्थानों में शराब सेवन के कुल 30 मामलों में 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके विरुद्ध आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
ट्रैफिक नियम तोडऩे वालों पर जुर्माना
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के उद्देश्य से अभियान के दौरान 165 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे मामलों में सख्ती बरती।
शांति भंग करने वालों पर कार्रवाई
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बाधित करने वाले 47 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है। इन सभी को चेतावनी देते हुए भविष्य में शांति भंग न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
गुंडा व निगरानी बदमाशों की चेकिंग जारी
ऑपरेशन क्लीन स्वीप के अंतर्गत पुलिस टीम द्वारा जिले के गुंडा और निगरानी बदमाशों के घर-घर जाकर उनकी सतत निगरानी व चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने उन्हें परिवार सहित कानून व्यवस्था का पालन करने की सलाह दी है।
युवाओं की अड्डेबाज़ी पर सख्ती
अड्डेबाज़ी और ग्रुप बनाकर घूमने वाले युवाओं पर विशेष निगरानी रखते हुए पुलिस ने 29 युवकों के हाथों से लोहे के खतरनाक कड़े/चूड़े उतरवाकर जब्त किए हैं। साथ ही उन्हें दोबारा ऐसे वस्त्र या आभूषण न पहनने की कड़ी चेतावनी दी गई है।
97 लोगों के फिंगरप्रिंट लिए गए
क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूमने वाले, समूह बनाकर बैठे या बिना उद्देश्य के इधर-उधर भटक रहे कुल 97 व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट भी पुलिस द्वारा लिए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि की पहचान सुगमता से की जा सके।
जिला पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनी डर का कारण
अभियान के तहत बलौदाबाजार पुलिस निरंतर क्षेत्र में गश्त कर अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करा रही है। इससे असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना हुआ है और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

