कोलकाता/हुगली 12 नवंबर (आरएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा व कल्याण बनर्जी ने दिल्ली में हुए कार विस्फोट को लेकर आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। टीएमसी को दोनों सांसदों ने शाह पर भी सवाल उठाये है। महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया ‘एक्सÓ पर एक पोस्ट में लिखा, भारत को एक सक्षम गृह मंत्री की जरूरत है, न कि हर समय नफरत फैलाने वाले मंत्री की। क्या हमारी सीमाओं और हमारे शहरों दोनों की रक्षा का कर्तव्य अमित शाह का नहीं है? वह सभी मामलों में विफल क्यों हो रहे हैं? दिल्ली में लाल किले के पास हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं। वहीं श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने एक पोस्ट में कल्याण बनर्जी ने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के हित में अमित शाह को गृह मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह देश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में असफल रहे हैं, जिससे लोगों का विश्वास हिल गया है।
बनर्जी ने लिखा, उनकी लगातार नाकामियां और सुरक्षा सुनिश्चित करने में अक्षम्य भूमिका ने देश के नागरिकों का भरोसा तोड़ा है। भारत को ऐसे सक्षम गृह मंत्री की आवश्यकता है जो वास्तव में अपने नागरिकों की रक्षा कर सके और राष्ट्र की गरिमा को बनाए रखे। बहरहाल महुआ व कल्याण बनर्जी की उपरोक्त टिप्पणी दिल्ली में लाल किले के पास हुए एक उच्च-तीव्रता वाले विस्फोट के एक दिन बाद आई है, जिसमें कई लोग मारे गए और कई घायल हो गए, जिससे पुलिस और खुफिया तंत्र की कमियों पर सवाल उठने लगे हैं।
–

