सुल्तानपुर 12 नवंबर (आरएनएस )। जिले में स्टूडेण्ट्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया एसएफआई की जिला कमेटी ने बुधवार को पंत स्टेडियम में टहलने और दौडऩे वालों से शुल्क वसूली के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांग की है कि शारीरिक परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों और स्वास्थ्य लाभ के लिए आने वाले लोगों से कोई शुल्क न लिया जाए। एसएफआई ने बताया कि पंत स्टेडियम अपने निर्माण के बाद से वर्ष 2024 तक टहलने, दौडऩे और दौड़ की तैयारी करने वालों से कोई शुल्क नहीं लेता था। हालांकि, अब स्टेडियम में प्रवेश के लिए पंजीकरण और मासिक शुल्क वसूला जा रहा है। इस नई व्यवस्था से गरीब परिवारों के छात्र-छात्राएं प्रभावित हो रहे हैं, जो पुलिस और सेना भर्ती जैसी शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, यह शुल्क उन छात्रों के लिए एक बड़ी बाधा बन गया है जिनके पास सीमित संसाधन हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पंत स्टेडियम के अलावा शहर में पुलिस लाइन का मैदान भी आम लोगों के लिए पहले ही बंद कर दिया गया है। ऐसे में शारीरिक परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के पास अभ्यास के लिए कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। एसएफआई ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि पंत स्टेडियम में शारीरिक परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों और स्वास्थ्य लाभ हेतु टहलने वालों से किसी भी प्रकार का शुल्क न लिया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में एसएफआई सुल्तानपुर के जिला सचिव दुर्गेश यादव प्रमुख रूप से शामिल थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

