चांदा/सुल्तानपुर 12 नवंबर (आरएनएस )। चांदा के शाहपुर स्थित एक आभूषण की दुकान में मंगलवार देर रात चोरों ने लाखों रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। शाहपुर निवासी सुनील सोनी की दुकान को निशाना बनाया गया, जहां से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी हो गए।सुनील सोनी की शाहपुर में आभूषण और रेडीमेड कपड़ों की संयुक्त दुकान है। सुनील ने बताया कि 11 नवंबर की रात वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो देखा कि दुकान के पीछे के दरवाजे के पास सेंध लगाकर अज्ञात चोरों ने तिजोरी में रखा सारा सामान उठा लिया था। सुनील के अनुसार, चोर लाखों रुपये के सोने और चांदी के आभूषणों के साथ-साथ एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और सीसीटीवी की हार्डडिस्क भी ले गए। चोरी हुए सामानों की विस्तृत सूची अभी तैयार की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पीडि़त सुनील सोनी ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कोतवाल दीपेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की। इस संबंध में कोतवाल दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

