बीरभूम/कोलकाता ,12 नवंबर(आरएनएस)। दिल्ली में कार विस्फोट की घटना के बाद जहां देश भर में अलर्ट जारी है। वहीं पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीरभूम जिले से 20 हजार जिलेटिन छड़ें बरामद की हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या इन दोनों घटनाओं में कोई कनेक्शन है और क्या आतंकी दिल्ली की तरह ही बंगाल को भी दहलाने की साजिश रच रहे थे? पुलिस के अनुसार मंगलवार रात बीरभूम जिले की नलहाटी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान झारखंड से आ रही एक संदिग्ध वाहन को रोका, जिसमें बड़ी मात्रा में उपरोक्त विस्फोटक बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि 50 बैग में भरकर 20 हजार जिलेटिन छड़ों को लाया जा रहा था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि ये जिलेटिन की छड़ें गैरकानूनी तरीके से ले जायी जा रहीं थी और पुलिस ने पाकुड़ पुलिस के साथ समन्वय करके इस गाड़ी को पकड़ा। अब जांच एजेंसियां घटना की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या बीरभूम में पकड़ी गई गाड़ी फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा तो नहीं है? भारी संख्या में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद बंगाल में अलर्ट जारी कर दिया गया है और भीड़भाड़ वाली जगहों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजारों आदि में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच अधिकारी प्रत्येक बोरी की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी मात्रा में जिलेटिन स्टिक कहां और किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थीं। पुलिस का यह भी संदेह है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या ये जिलेटिन स्टिक बीरभूम के पत्थर खदानों में वैध रूप से उपयोग के लिए लाई जा रही थीं या फिर किसी अन्य अवैध गतिविधि में इनका इस्तेमाल होना था। इस बीच, दिल्ली विस्फोट में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर जिले में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बहरहाल बता दे कि, जिलेटिन छड़ें एक सस्ता विस्फोटक माना जाता है, जिसे आमतौर पर खनन और निर्माण कार्यों में इस्तेमाल किया जाता है। जिलेटिन छड़ों से विस्फोटक भी बनाया जा सकता है और डेटोनेटर की मदद से इनमें धमाका किया जा सकता है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

