राजापुर (चित्रकूट) 12 नवंबर (आरएनएस)। कस्बे के वशिष्ठ गुरुकुलम स्कूल में बुधवार को प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह के नेतृत्व में यातायात माह और साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता के लिए गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने भाग लिया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ती तकनीक के साथ साइबर अपराधों के तरीके भी तेजी से बदल रहे हैं। इसलिए सभी को सतर्क रहना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक, ईमेल या कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। यातायात माह के अंतर्गत उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और सड़क पर सावधानीपूर्वक चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करने से न केवल व्यक्ति स्वयं बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ सचिन त्रिपाठी ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। वहीं प्रभारी निरीक्षक ने सभी विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर उपनिरीक्षक अनिल सिंह, शैलेंद्र सिंह, कांस्टेबल लवकुश यादव, महिला कांस्टेबल आरती वर्मा, अनामिका, मोनिका के अलावा स्कूल के लवकुश शर्मा, आशुतोष द्विवेदी, मानसी सिंह, दीपाली श्रीवास्तव, श्रुति शुक्ला आदि शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र व छात्राएं उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

