ऋषिकेश,12 नवंबर (आरएनएस)। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के तहत अठूरवाला क्षेत्र के विस्थापन को लेकर मंगलवार को जौलीग्रांट स्थित टिहरी गेस्ट हाउस में यूकाडा अधिकारियों और अठूरवाला संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में विस्थापितों के पुनर्वास, मुआवज़े और भूमि आवंटन पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। संघर्ष समिति ने अधिग्रहीत भूमि के बदले प्रत्येक परिवार को ज़मीन देने, सर्किल रेट समान करने, छूटे हुए नौ परिवारों को अधिग्रहण प्रक्रिया में शामिल कर नक्शा स्वीकृति की बाध्यता समाप्त करने की मांग रखी। साथ ही हर वयस्क व्यक्ति को अलग कुटुंब मानकर पुनर्वास देने की भी मांग की गई। यूकाडा अधिकारी संजय टोलिया ने कहा कि विस्थापितों की समस्याओं को लेकर शासन स्तर पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। समिति की सभी मांगों की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी, ताकि शीघ्र समाधान निकाला जा सके। वहीं समिति अध्यक्ष मनजीत साजवान ने कहा कि अठूरवाला के लोग वर्षों से विकास की कीमत अपने घरों और खेतों से चुका रहे हैं। अब यह विस्थापन नहीं, बल्कि अस्तित्व की लड़ाई बन चुकी है। यदि सरकार ने जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में एसडीएम अपर्णा ढौडिय़ाल, ध्यान सिंह सजवान, धर्मेंद्र सिंह सजवान, युद्धवीर सिंह, विक्रम सिंह, गोपाल सिंह, हुकम सिंह पंवार, विमला देवी, कमला देवी, सुशीला देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

