ऋषिकेश,12 नवंबर (आरएनएस)। एम्स ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बुधवार को वर्ष 2025 बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग प्रथम वर्ष के नए बैच के लिए स्वागत एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि नर्सिंग सेवाभाव का क्षेत्र है और नर्सिंग छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वो अस्पताल में सेवाकाल के दौरान बीमार और पीडि़त लोगों की देखभाल के लिए समर्पित रहें। बुधवार को संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बीएससी. (ऑनर्स) नर्सिंग प्रथम वर्ष (बैच 2025) की छात्राओं को अनुशासन और सेवाभाव के प्रति फ्लारेंस नाईंटिगेल शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि उत्तराखंड नर्सेज एंड मिडवाइव्स काउंसिल की रजिस्ट्रार डॉ. मनीषा ध्यानी ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा करने का एक माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि एक अच्छी नर्स केवल रोग को ठीक करने की क्षमता से नहीं, बल्कि दूसरों को गरिमा और सांत्वना देने की करुणा से परिभाषित होती है। नर्सिंग पेशे को उन्होंने भरोसे, देखभाल, ईमानदारी, मानवता और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। कालेज ऑफ नर्सिंग की प्रिन्सिपल प्रो. स्मृति अरोड़ा ने कहा कि यह शपथ एक औपचारिक वचन है, जिसके माध्यम से नर्सें उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने, रोगियों की गरिमा बनाए रखने और नर्सिंग पेशे के नैतिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प लेती हैं। समारोह को डीन एकेडेमिक प्रो. जया चतुर्वेदी, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री बलिजा, चीफ नर्सिंग ऑफिसर डॉ. अनिता रानी कंसल और अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर ऋषि नर्सिंग न्यूज लेटर और कम्युनिटी नर्सिंग ओएससीइ चेकलिस्ट का विमोचन भी किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

