रुड़की,12 नवंबर (आरएनएस)। उबैदुर्रहमान निवासी बंदरटोल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने सैपन के पुल के पास राजवाहे के नजदीक 12 बीघा भूमि पर यूएसए सोलर सिस्टम पावर प्लांट लगा रखा है। प्लांट उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन को बिजली सप्लाई करता रहा है, लेकिन चोरियों के कारण पिछले एक वर्ष से अधिक समय से इसका उत्पादन बंद पड़ा है। पीडि़त ने बताया कि पिछले वर्षों में इस प्लांट पर कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। प्लांट के चौकीदारों को बार-बार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह डर के चलते ड्यूटी करने से कतराने लगे हैं। दो नवंबर को प्लांट के चौकीदार अमित ने उन्हें फोन कर बताया कि कुछ अज्ञात चोर प्लांट में घुस आए हैं। चौकीदार ने शोर मचाया तो आरोपी भाग निकले। भागते हुए एक चोर का फोटो चौकीदार ने अपने मोबाइल से खींच लिया। तीन नवंबर को चौकीदार ने बताया कि फिर से चोर प्लांट में घुस आए हैं। पीडि़त अपने सहयोगी शहजाद के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। आरोपी घबराकर चोरी का माल लेकर भागने लगे। भागते हुए एक चोर कटीले तारों में फंसकर गिर पड़ा जिसे उन्होंने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम आशु निवासी मलानपुरा, मंगलौर बताया है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह और उसके साथी भूरा मोटा सहित अन्य चोर पिछले डेढ़ वर्ष से इस प्लांट पर चोरी कर रहे हैं। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि आशु ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी उजागर किए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। नामजद किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

