*अंशदान जमा न करने से निरस्त हो रहे हैं फॉर्म
मीरजापुर 13 नवंबर (आरएनएस)। मजदूर नेता मंगल तिवारी ने निर्माण श्रमिकों को पुन: अवगत कराया है कि वे समय-समय पर अपने लेबर कार्ड का नवीनीकरण सहित अपडेट कराते रहें, जिससे आवेदन निरस्त नही होंगे। उन्होंने बताया कि जिन निर्माण श्रमिकों का अंशदान (नवीनीकरण) ग्रेस पिरियड की अवधि (365 दिन) पार कर चुका है, ऐसे आवेदन श्रम कार्यालय द्वारा जांच के दौरान निरस्त किए जा रहे हैं जिसकी जानकारी मिल रही हैं। उन्होंने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि श्रम विभाग के अनुसार जिन श्रमिकों ने योजना का आवेदन किया है और उनके लेबर कार्ड का नवीनीकरण एक वर्ष से नही हुआ हैं, ऐसे आवेदन चाहे वह मातृत्व एवं शिशु हित लाभ योजना, कामगार कन्या विवाह योजना, या फिर कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना का हो नियमानुसार अपात्र माने जाएंगे और वह निरस्त हो जाएगा।
अंत में माकू महामंत्री ने कहा कि मिर्जापुर असंगठित कामगार यूनियन (माकू) आपसे अनुरोध करता है कि यदि आप किसी योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो उसके नियमों की जानकारी अवश्य रखें साथ ही अपने लेबर कार्ड का रिनुअल व जरुरी अपडेट अवश्य करा ले, जिससे योजना का लाभ लेने से आप वंचित न रहें। अधिक जानकारी के लिए निर्माण श्रमिक, यूनियन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

