लखनऊ 13 नवंबर (आरएनएस ),यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘यातायात माह – नवम्बर 2025Ó के तहत आज थाना मोहनलालगंज पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मोहनलालगंज बस स्टॉप पर आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ऑटो और टेंपो चालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय तथा प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह ने किया।बैठक में अधिकारियों ने उपस्थित चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चालक का यह दायित्व है कि वह निर्धारित लेन में चले, सिग्नल का पालन करे और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचे, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सड़क पर सुव्यवस्था बनी रहे। ओवरलोडिंग को लेकर भी चालकों को सचेत किया गया और कहा गया कि वाहन में सवारियों की संख्या कानूनी सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे न केवल हादसे की आशंका बढ़ती है बल्कि वाहन की आयु पर भी असर पड़ता है।चालकों को यह भी निर्देश दिए गए कि सवारियों को केवल चिन्हित या निर्धारित स्थानों पर ही चढ़ाया और उतारा जाए। वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र हमेशा अद्यतन रहें, यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है। बैठक के दौरान सुरक्षा उपकरणों के महत्व पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसी सुरक्षा सावधानियाँ न केवल चालक की बल्कि यात्रियों की भी जान बचा सकती हैं।पुलिस अधिकारियों ने चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त चेतावनी दी और कहा कि यह प्रवृत्ति न केवल स्वयं चालक के लिए बल्कि आम जनता के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। साथ ही, मिशन शक्ति के तहत महिला यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश भी साझा किए गए, ताकि महिलाएं सार्वजनिक परिवहन में स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।बैठक में ऑनलाइन चालान प्रक्रिया, शहर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए यातायात निगरानी और पुलिस द्वारा की जाने वाली कानूनी कार्यवाही की जानकारी भी दी गई। चालकों को बताया गया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से ट्रैफिक नियमों के पालन की सख्ती से निगरानी की जा रही है और उल्लंघन की स्थिति में ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाया गया है।बैठक के अंत में सभी उपस्थित चालकों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने, सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और पुलिस के साथ सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।थाना मोहनलालगंज पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान सड़क सुरक्षा, जनसहयोग और अनुशासन की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य दुर्घटनारहित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

