लखनऊ, 13 नवंबर (आरएनएस )पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा माल ढुलाई सेवाओं को और अधिक सुरक्षित, सरल एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में माल ढुलाई से जुड़े विविध विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ, जिनमें संरक्षा, लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रिया, टर्मिनल रखरखाव, रेक आपूर्ति, ओएचई प्रणाली, गुड्स शेड संचालन, सड़क कनेक्टिविटी एवं गाडिय़ों की बंचिंग जैसी प्रमुख चुनौतियाँ शामिल रहीं।मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा सभी मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन का लक्ष्य व्यापारिक समुदाय को सुरक्षित, भरोसेमंद और तीव्र माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिले और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बल प्राप्त हो।उन्होंने स्पष्ट किया कि संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोडिंग के दौरान सभी आवश्यक सावधानियाँ बरती जाएंगी ताकि किसी प्रकार की क्षति या जोखिम की संभावना न रहे। इसके साथ ही, रेलवे प्रशासन ने सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, संबंधित कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान करने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।मंडल स्तर पर परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए टर्मिनल डिटेंशन को न्यूनतम करने, रेक आपूर्ति बढ़ाने और रोड कनेक्टिविटी सुधारने पर बल दिया गया। साथ ही गुड्स शेडों में संचालन एवं अनलोडिंग प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक और नवीन प्रणाली से सुदृढ़ करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे कार्यकुशलता में वृद्धि और समय की बचत सुनिश्चित हो सके।मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे और व्यापार जगत के बीच निरंतर संवाद से ही माल ढुलाई प्रणाली को और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा और मंडल प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयासरत रहेगा।बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) गौरव गुप्ता, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडि) निलेश सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) धनंजय मिश्रा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रसन्न कात्यायन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सा.) मनीष गंगवार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (तृतीय) मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के समापन पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ मंडल पूर्वोत्तर रेलवे का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां के व्यापारी, उद्योगपति एवं ट्रांसपोर्टर रेलवे के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। रेलवे प्रशासन व्यापारिक समुदाय के साथ तालमेल और सहयोग के माध्यम से माल परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाते हुए यात्रियों एवं व्यापारियों दोनों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

