सोहावल-अयोध्या 13 नवंबर (आरएनएस )। विधानसभा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को तहसील सभागार में बीकापुर बिधान सभा से जुड़े राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बी एल ओ संग चुनाव अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में चुनाव आयोग से जारी दिशा निर्देशों के क्रम में कार्यक्रम को लेकर मंथन हुआ। जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से अक्षरस: पालन करने के लिए अधिकारियों ने निर्देशित किया। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय, समाजवादी पार्टी की ओर से जय सिंह यादव राणा, एजाज अहमद, कांग्रेस की ओर से लाल मोहम्मद आदि प्रमुख रूप से बैठक में शामिल रहे जिन्होंने अपने सुझाव व्यक्त किया। बैठक के बाद पूंछे जाने पर भाजपा उपाध्यक्ष ने बताया कि यह तय किया गया है कि शासन और प्रशासन की ओर से मतदाता पुनरीक्षण में लगाए गए बी एल ओ की मदद हर बूथ पर राजनीतिक दलों से जुड़े पार्टी के कार्यकर्ता भी करेंगे ताकि निष्पक्षता और प्रदर्शित के साथ कार्य किया जा सके। सभी बीएलओ को 2025 की मतदाता सूची के साथ 2003 की मतदाता सूची भी उपलब्ध कराई गई है। इस बीच में लगातार मतदाता सूची में ना रहने वाले मतदाताओं को वर्तमान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आधार के साथ अपने जन्म का प्रमाण पत्र भी देना होगा। किसी भी मतदाता के लिए अब दो जगह मतदान कर पाना संभव नहीं होगा। उन बी एल ओ को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिनके क्षेत्र में घुमंतू और कथित बांग्लादेशी बन कर रहने वाले संदिग्ध मतदाताओं की संख्या बताई जा रही है। उप जिलाधिकारी सुश्री सविता देवी ने बताया कि मतदाताओं की पहचान पुष्टि के लिए 13 प्रकार के साक्ष्य दिए गए हैं। जिसमें शैक्षिक प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल आदि शामिल है। कोई भी मतदाता इनमें से किसी का भी प्रयोग कर अपना नाम दर्ज या संशोधित करा सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

