-पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत कारण उच्च रक्तचाप, पहचान में जुटी पुलिस
रूदौली-अयोध्या 13 नवंबर (आरएनएस )। कोतवाली रुदौली क्षेत्र के शारदा सहायक नहर में मिले नवजात शिशु के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी हो गई है। रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि शिशु की मृत्यु उच्च रक्तचाप के कारण हुई थी। पुलिस अभी तक नवजात की पहचान नहीं कर पाई है और मामले की जांच में जुटी है। घटना 8 नवंबर की दोपहर को हुई थी। स्थानीय लोगों ने नहर में एक नवजात बच्ची का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। नयागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतक बच्ची की उम्र लगभग एक से दो दिन थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि जन्म के तुरंत बाद ही बच्ची को नहर में फेंक दिया गया था। शव की पहचान न हो पाने के कारण 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने बच्ची की पहचान के लिए आसपास के इलाकों और निजी अस्पतालों से संपर्क किया है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। कोतवाली रुदौली के प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिशु अस्पताल से नहर तक कैसे पहुंचा। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के अस्पतालों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि घटना में लापरवाही या अपराध पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

