लखीमपुर खीरी 13 नवंबर (आरएनएस ) जनपद के प्रसिद्ध ईको टूरिज्म स्थल दुधवा नेशनल पार्क अब पर्यटन के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने दुधवा के चंदन चौकी गांव में लगभग पांच एकड़ क्षेत्रफल में ‘होलिस्टिक वेलनेस टूरिज्मÓ थीम पर आधारित एक अत्याधुनिक आवासीय पर्यटन इकाई विकसित करने की घोषणा की है। यह पहल दुधवा को न केवल वन्यजीव प्रेमियों का प्रिय गंतव्य बनाएगी, बल्कि स्वास्थ्य, शांति और प्रकृति से जुड़ाव की तलाश में आने वाले पर्यटकों के लिए भी एक आदर्श वेलनेस सेंटर के रूप में स्थापित करेगी।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दुधवा में विकसित की जा रही इस इकाई में पर्यटकों के लिए विभिन्न श्रेणी के लक्जऱी कॉटेज बनाए जाएंगे। ये कॉटेज आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे, साथ ही प्राकृतिक परिवेश में सुकूनदायक अनुभव प्रदान करेंगे। परिसर में पर्यटकों के लिए योग, ध्यान, खेलकूद और वेलनेस जैसी गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यह स्थल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए एक आदर्श गंतव्य बनेगा।मंत्री ने बताया कि इन सुविधाओं की बुकिंग उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड की वेबसाइट्स पर उपलब्ध होगी। परियोजना के संचालन और अनुरक्षण के लिए उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड और बीवीजी इंडिया लिमिटेड के बीच एक एग्रीमेंट संपन्न हुआ है। इस अवसर पर महानिदेशक पर्यटन राजेश कुमार द्वितीय, अपर निदेशक ईको टूरिज्म विकास बोर्ड पुष्प कुमार के, तथा बीवीजी इंडिया लिमिटेड के चीफ ग्रोथ ऑफिसर जीतेंद्र वालिया उपस्थित रहे।जयवीर सिंह ने कहा कि दुधवा न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे भारत का एक प्रमुख ईको-डेस्टिनेशन है। यहां प्रस्तावित वेलनेस यूनिट से घरेलू और विदेशी पर्यटक प्रकृति की गोद में लग्जरी और स्वास्थ्य का अद्भुत संगम अनुभव करेंगे। इस परियोजना से न केवल दुधवा क्षेत्र में पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास सशक्त दिशा में आगे बढ़ेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

