देहरादून,13 नवंबर (आरएनएस)। उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित बैठक में प्रकोष्ठ के कुछ पदाधिकारियों पर आंदोलन को कमजोर करने का आरोप लगाया गया। सर्वसम्मति से प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष को हटाकर उनके स्थान पर नई जिम्मेदारी दी गई। उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ संविदा प्रकोष्ठ की गुरुवार को ईसी रोड स्थित कार्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनल कर्मचारी महासंघ के 10 नवंबर से चल रहे आंदोलन के बारे में चर्चा की गई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि महामंत्री दीपक शांडिल्य, उपाध्यक्ष मुकेश लखेड़ा व उनके साथी अपना कार्य कर आंदोलन को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। बताया कि इस दौरान आंदोलन कमजोर करने में उन्हें उनके पदों से हटाया गया। अध्यक्ष जगत राम भट्ट ने सभी की सहमति से संविदा प्रकोष्ठ के अगले चुनाव तक अनिल जुयाल को महामंत्री और प्रदीप कश्यप को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त करने की घोषणा की। अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि महामंत्री अनिल जुयाल आंदोलन को सफल बनाने का प्रयास करेंगे। नवनियुक्त महामंत्री जुयाल ने कहा जब तक राज्य सरकार उपनल कर्मियों कि मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं करती तब तक तीनों निगमों के संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर परेड ग्राउंड मे चल रहे धरने में प्रतिभाग करेंगे। बैठक में विक्रम तोपवाल, मातवर विष्ट, दिनेश, संजय पाल, मोहन विश्वकर्मा, पंकज नेगी, राजबर नेगी, सुनील गुजरवाण, राजेश चमोली, सुरेश बडोनी, सुरेश नेगी, राकेश, अनिल, विपिन, मनवीर, संदीप सहित टिहरी, चमोली, पौड़ी व अन्य जिलों से उपनल कर्मचारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

