रायपुर, 16 मार्च (आरएनएस)। वल्र्ड ब्राह्मण फेडरेशन छत्तीसगढ़ एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में 15 मार्च 2026, रविवार को श्री दूधाधारी सत्संग भवन, मठपारा में सर्व ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों से आए 250 से अधिक युवक-युवतियों का पंजीयन किया गया, जिन्हें मिलन-2026 स्मारिका में प्रकाशित किया गया। सम्मेलन के दौरान पंजीयन कराने वाले परिवार मंच पर आकर अपना परिचय दिया। इस अवसर पर कई परिवारों ने पसंद के रिश्तों को लेकर आपसी चर्चा भी की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को एक मंच पर लाकर योग्य वर-वधु के चयन की प्रक्रिया को सरल बनाना बताया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मेलन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ योग्य जीवनसाथी के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सम्मेलन के माध्यम से उनका उद्देश्य पूरा हो और योग्य वर-वधु का चयन हो सके। विशेष अतिथि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला ने वर्तमान समय में परिचय सम्मेलनों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं पूर्व पार्षद मृत्युंजय दुबे ने कहा कि संगठन द्वारा सभी वर्गों और दलों के विप्र प्रतिनिधियों को साथ लेकर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो सराहनीय है। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा ने संगठन की वार्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक नितिन कुमार झा ने कहा कि सामाजिक मेल-मुलाकात की कमी के कारण योग्य वर-वधु चयन में कठिनाई आती है, इसलिए ऐसे परिचय सम्मेलन की आवश्यकता बढ़ गई है। कार्यक्रम का संचालन पत्रिका के संपादक रज्जन अग्निहोत्री ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा ने दिया। इस अवसर पर वल्र्ड ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव सुरेश मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुणनिधि मिश्रा, प्रदेश महासचिव अजय अवस्थी, डॉ. सुनील कुमार ओझा, युवा अध्यक्ष अविनय दुबे सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
०





