रायपुर, 21 मार्च (आरएनएस)। थाना खरोरा पुलिस ने मालवाहक ट्रेलर में सवारियों को भरकर ले जा रहे एक चालक को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने न केवल आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया, बल्कि मानवता का परिचय देते हुए सैकड़ों यात्रियों को सुरक्षित उनके घर भी पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, 20 मार्च की रात करीब 8 बजे खरोरा के तिगड्डा चौक पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रेलर (सीजी 04 पीपी 8113) को रोका गया। जांच में पाया गया कि इस मालवाहक वाहन में करीब 200-250 यात्री सवार थे, जो रायगढ़ के चंद्रहासिनी मंदिर से दर्शन कर वापस अपने गांव बहेरघर (जिला बेमेतरा) लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि ट्रेलर चालक शोभित राम निषाद (30 वर्ष) वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था, जिससे यात्रियों की जान को गंभीर खतरा था।
रोकने पर चालक ने पुलिस से दुव्र्यवहार भी किया और सहयोग नहीं किया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और पत्रकार भी मौजूद हो गए। सभी ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए हाल ही में बंगोली के पास हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना का जिक्र किया, जिसमें कई महिलाओं और बच्चों की जान चली गई थी। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 281 बीएनएस और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
त्रिपाठी
०




