कोलकाता,21 मार्च (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फिल्म और खेल जगत से कई चर्चित चेहरों को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन इस बार कोई बड़ा नया या चौंकाने वाला नाम सामने नहीं आया है। दोनों दलों ने अधिकतर ऐसे चेहरों पर भरोसा जताया है जो पहले भी चुनावी राजनीति में सक्रिय रह चुके हैं। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने मनोरंजन और खेल जगत से कुछ परिचित चेहरों को टिकट दिया है, लेकिन पार्टी का मुख्य जोर पहले से राजनीतिक अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों पर ही रहा है। अभिनेता सोहम चक्रवर्ती को करीमपुर से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि फिल्म निर्देशक राज चक्रवर्ती बैरकपुर से चुनाव लड़ेंगे। अभिनेत्री सायंतिका बनर्जी को एक बार फिर बारानगर से टिकट देकर पार्टी ने उन पर अपना भरोसा कायम रखा है।
इसके अलावा, पार्टी ने लोकगायिका अदिति मुंशी को राजारहाट गोपालपुर से और अभिनेत्री लवली मैत्रा को सोनारपुर दक्षिण से फिर उम्मीदवार बनाया गया है। गायक इंद्रनील सेन, जो 2016 से विधायक हैं, उन्हें चंदननगर से दोबारा टिकट दिया गया है।
हालांकि, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन को राजगंज से उम्मीदवार बनाकर तृणमूल कांग्रेस ने एक नया दांव भी खेला है। इसके अलावा फुटबॉलर विदेश बोस को सप्तग्राम से और क्रिकेटर से कोच बने शिव शंकर पाल को तुफानगंज से मैदान में उतारा गया है।
वहीं, दिवंगत तृणमूल विधायक साधन पांडे की पुत्री श्रेया पांडे को मानिकतल्ला से उम्मीदवार बनाया गया है, जो उनकी पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा होगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार तृणमूल कांग्रेस ने नए प्रयोगों की बजाय संगठनात्मक मजबूती और अनुभवी चेहरों पर अधिक भरोसा किया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार सूची ने अधिक चर्चा बटोरी है। पार्टी ने जहां रिद्रनील घोष और हीरन चटर्जी जैसे पुराने चेहरों को मौका दिया है, वहीं पापिया अधिकारी और श्राबोनी मुखर्जी जैसे नए चेहरों को भी मैदान में उतारा है।
रिद्रनील घोष को शिवपुर से और हीरन चटर्जी को श्यामपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। चटर्जी को खडग़पुर सदर जैसी उनकी पिछली जीत वाली सीट से हटाकर श्यामपुर भेजना कुछ हद तक चौंकाने वाला माना जा रहा है, खासकर उनके निजी विवादों की पृष्ठभूमि में।
नए चेहरों में अभिनेत्री पापिया अधिकारी को टॉलीगंज से और श्राबोरी मुखर्जी को जादवपुर से टिकट दिया गया है। सोनारपुर दक्षिण सीट पर भाजपा की रूपा गांगुली और तृणमूल की लवली मैत्रा के बीच मुकाबला भी काफी चर्चित माना जा रहा है। भाजपा अब तक दो चरणों के लिए 256 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जबकि 38 सीटों पर नामों की घोषणा बाकी है। 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा तथा मतगणना चार मई को होगी। उल्लेखनीय है कि लगभग तीन दशक में यह पहला मौका है जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। चुनाव प्रचार तेज होने के साथ ही इन चर्चित चेहरों की मौजूदगी से चुनावी माहौल में आकर्षण बढऩे की उम्मीद है, हालांकि समग्र तस्वीर यह संकेत देती है कि इस बार पार्टियों ने नए प्रयोगों की बजाय भरोसेमंद और अनुभवी चेहरों को प्राथमिकता दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

