डोंगरगढ़, 25 नवम्बर (आरएनएस)। डोंगरगढ़ मंदिर क्षेत्र में दर्शार्थियों से विवाद कर माहौल बिगाडऩे की कोशिश कर रहे तीन असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित तनाव टल गया। डोंगरगढ़ में मंदिर दर्शन के लिए आए लोगों के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक अलग-अलग स्थानों पर दर्शार्थियों से विवाद कर रहे हैं और माहौल बिगाडऩे की स्थिति बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि आरोपी हल्ला-गुल्ला कर रहे थे और स्थिति मारपीट तक पहुंच सकती थी। पुलिस ने मौके पर ही हस्तक्षेप कर तीनों को काबू में लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इतवारी गोंड (35 वर्ष), विष्णु गोंड (25 वर्ष) और निकेतन गजभिए (26 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों डोंगरगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं और दर्शार्थियों के साथ विवाद करते पाए गए। पुलिस ने शांति भंग की आशंका को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय डोंगरगढ़ में प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंदिर क्षेत्र में इन दिनों श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना प्राथमिकता है। इसी कारण क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, नाकाबंदी और निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों पर शांति भंग करने या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
०


