रायपुर,29 मार्च (आरएनएस)। देश के वीर शहीदों की स्मृति में JCI Raipur Sanskar द्वारा 7 दिवसीय मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान शंकर नगर स्थित Bilasa Blood Bank में आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंदों की मदद करना है।
अभियान के तहत हाल ही में 6 युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। वहीं संस्था के सचिव Ankit Das Manikpuri ने अपना 37वां रक्तदान कर मानव सेवा का मजबूत संदेश दिया।
इस पहल के अंतर्गत एकत्र किया जा रहा रक्त विशेष रूप से थैलेस्मिया से पीड़ित बच्चों के लिए उपयोग में लाया जाएगा, जिन्हें नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। संस्था द्वारा युवाओं से अपील की जा रही है कि वे बिना किसी झिझक के रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दें।
सचिव अंकित दास मानिकपुरी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को प्रेरित करना है, जिन्होंने अब तक रक्तदान नहीं किया है, ताकि वे भी इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें। कार्यक्रम का संचालन JC ममता सोनी ने किया, जबकि अध्यक्ष JC बरखा अंदानी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाएंगे और महाविद्यालयों में जाकर युवाओं को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संस्था द्वारा वर्ष के अंत में रक्तदाताओं को “रक्तवीर” सम्मान से नवाजा जाएगा। इस अवसर पर JC सूरज हेड़ाऊ, JCI HGF प्राची प्रेमानी, मोहन साहू, राकेश यादव सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह अभियान न केवल मानव सेवा का संदेश दे रहा है, बल्कि युवाओं को राष्ट्रहित में आगे आने के लिए प्रेरित भी कर रहा है।






