रायगढ़, 11 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने तमनार, कोतरारोड़, छाल और खरसिया थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ शराब और देशी शराब जब्त की है। विभिन्न मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
तमनार में महिला आरोपी गिरफ्तार
थाना तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कुधरीपारा में एक घर पर दबिश देकर 15 लीटर हाथ भ_ी निर्मित महुआ शराब बरामद की। पुलिस ने घर की मालकिन जेमा यादव (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार किया। उसके घर के बाड़ी में छिपाकर रखे दो जरीकेन से कुल 15 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
कोतरारोड़ पुलिस की लगातार तीन कार्रवाई
थाना कोतरारोड़ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर तीन कार्रवाई करते हुए 42 लीटर महुआ शराब, 20 पाव देशी शराब और नगदी रकम बरामद की।
पहली कार्रवाई में ग्राम गोरखा निवासी विजय सिदार के घर के पीछे स्थित बाड़ी से 20 पाव देशी मदिरा और 40 पाउच कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
दूसरी कार्रवाई में समारू उरांव को अपने घर के सामने महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 80 पाउच महुआ शराब, डिस्पोजल गिलास और बिक्री की 3,400 रुपये नगदी जब्त की गई।
तीसरी कार्रवाई में अरसीपाली चौक के पास संजय बघेल को 30 लीटर हाथ भ_ी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से छह प्लास्टिक पन्नियों में भरी शराब बरामद हुई।
खरसिया में 47 पाव देशी शराब जब्त
थाना खरसिया पुलिस ने ग्राम चोढ़ा रोड तालाब मार्ग पर संदिग्ध रूप से घूम रहे जीतू उर्फ पिंटू चौहान को रोककर तलाशी ली। उसके झोले से 47 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की मात्रा 8.460 बल्क लीटर बताई गई है।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





