रायगढ़, 27 जून (आरएनएस)। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित ओम हाइट्स अपार्टमेंट के एक सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ओम हाइट्स के मकान नंबर 301 में रेशम उद्योग विभाग से सेवानिवृत्त राकेश श्रीवास्तव रहते हैं। वे पिछले वर्ष अक्टूबर माह से अपनी पत्नी के साथ उपचार के लिए मुंबई गए हुए हैं। उनकी अनुपस्थिति में मकान की एक चाबी घरेलू सहायिका चंद्रकांति देवांगन के पास थी, जो समय-समय पर घर की साफ-सफाई करने आती थी।
शनिवार सुबह जब घरेलू सहायिका मकान की सफाई करने पहुंची तो उसने देखा कि घर की आलमारी खुली हुई है और सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मकान में चोरी की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, मकान मालिक के रायगढ़ लौटने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घर से कौन-कौन सी वस्तुएं और कितनी संपत्ति चोरी हुई है। घरेलू सहायिका की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ नकबजनी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
०००


