लोरमी 27 जून (आरएनएस) सरकारी योजनाओं की फाइलों से बाहर निकलकर जब जनप्रतिनिधि सीधे गांव की चौपाल में पहुंचता है, तब लोगों की उम्मीदें भी जाग उठती हैं। लोरमी-अचानकमार के वनांचल क्षेत्र में शनिवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने आठ गांवों में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। बिजली, पानी, सड़क, पेयजल, आवास और आजीविका जैसे मुद्दों पर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश दिए।
जनचौपाल के दौरान श्री साव ने जकड़बांधा, सुरही, बम्हनी, कटामी, छपरवा, बिंदावल, अचानकमार और आसपास के ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने महिलाओं, किसानों और युवाओं से भी संवाद किया और उनके सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान कलेक्टर, डीएफओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने जनचौपाल में 20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। जमुनाही, सुरही और बिंदावल में सीसी रोड निर्माण, जकड़बांधा में मंच निर्माण, गणेश पंडाल के लिए शेड, हाईमास्ट लाइट, रामायण मंडली के लिए वाद्य यंत्र तथा सभी आठ गांवों की क्रिकेट टीमों को क्रिकेट किट देने की घोषणा की। वहीं जमुनाही, कटामी, छपरवा और बिंदावल में पेयजल, हैंडपंप, सोलर ट्यूबवेल, बिजली और सड़क सुधार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। एक दिव्यांग युवक को ट्राइसाइकिल, छात्राओं को खेल सामग्री और युवाओं को खेल संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी मौके पर दिए गए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है और प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीब परिवारों का पक्का घर बनने का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि शिवतराई-केवची और बिजराकछार-औरापानी सड़क निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है और बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
बहरहाल, वनांचल की चौपाल से निकला संदेश साफ रहा— विकास तभी सार्थक है, जब योजनाएं कागजों से निकलकर गांव के आखिरी घर तक पहुंचें।






