सक्ती,01 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की जोंगरा गांव में 26 जून को हुई महिला पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हत्याकांड का खुलासा बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के विवाद के चलते प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या की साजिश रची और 4 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों से वारदात को अंजाम दिलाया।
पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा का मुख्य आरोपी मुरलीशंकर के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच विवाद बढऩे पर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा चौहान ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े अपराधियों को 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई।
26 जून को दो शूटर पूर्णिमा के घर में घुसे और उसे गोली मारकर फरार हो गए। घटना के बाद सक्ती पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पूरे षड्यंत्र का खुलासा हुआ और पुलिस ने तीन राज्यों से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस, 3 खाली खोखे, मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। अन्य आरोपियों से भी कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 61(2), 3(5) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


