कोंडागांव, 05 जुलाईं (आरएनएस)। पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से कोंडागांव के रक्षित केंद्र में नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 110 अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट और स्पोट्र्स शूज वितरित किए गए। सामग्री का वितरण विधायक लता उसेंडी ने किया।
रक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष नरपति पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज जैन, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, जिला खेल अधिकारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन मिलें तो वे पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों में चयनित होकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढऩे का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि कोंडागांव पुलिस आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नि:शुल्क शारीरिक प्रशिक्षण दे रही है। प्रशिक्षण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक युवाओं को पुलिस और सुरक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी 110 अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट और स्पोट्र्स शूज प्रदान किए गए। अभ्यर्थियों ने विधायक, जिला प्रशासन और कोंडागांव पुलिस का आभार जताते हुए पूरी मेहनत और लगन से प्रशिक्षण लेकर भर्ती परीक्षाओं में सफलता हासिल करने का संकल्प लिया।
कोंडागांव पुलिस ने बताया कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक और रोजगारोन्मुखी विकास के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
०



