महासमुंद, 07 जुलाईं (आरएनएस)। महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पारधी गिरोह के सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सोना-चांदी, तीन मोटरसाइकिल समेत करीब 12.46 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। जांच में आरोपियों द्वारा आरंग और सक्ती जिले के जैजैपुर क्षेत्र में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को ग्राम रूढ़ा निवासी हरिश्चंद्र पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर अलमारी उठाकर खेत में ले गए और उसे तोड़कर उसमें रखी नकदी, सोने की अंगूठियां, लटकन और चांदी के पायल चोरी कर ले गए। मामले में सिंघोड़ा थाना में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और अपराधियों के मॉडस ऑपरेंडी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पता चला कि घटना से एक दिन पहले आरोपी ग्राम पैकिन में एक छठी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सात आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां सभी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कार्यक्रम से लौटने के दौरान उन्होंने आसपास के गांव में चोरी की योजना बनाई और ग्राम रूढ़ा के एक मकान से अलमारी उठाकर खेत में ले जाकर उसमें रखे नकदी, सोना और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। नकदी आपस में बांटकर खर्च कर दी गई, जबकि सोना रायपुर निवासी एक ज्वेलर्स कारोबारी को बेच दिया गया और चांदी के पायल घरों में छिपाकर रखे गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार जोड़ी चांदी के पायल, 63.2 ग्राम सोना, तीन मोटरसाइकिल तथा अन्य चोरी का सामान जब्त किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 12 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के बहेराडीह गांव तथा रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के मुहमेला गांव में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। जैजैपुर की चोरी के आभूषण बलौदाबाजार निवासी एक सराफा कारोबारी को बेचे जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है, जिसकी बरामदगी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में आनंद पारधी, संजय पारधी, मन्नू पारधी, सूरजभान पारधी, हेमलाल पारधी, सुरेंद्र पारधी और घनश्याम कोसले को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं चोरी का सोना खरीदने के आरोप में रायपुर निवासी अतुल पाटिल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी मिले हैं और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।
०


