दुर्ग,16 जुलाईं (आरएनएस)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस ने गुरुवार को जिले में ‘पिंक पेट्रोलिंग अभियान की शुरुआत की। पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को रवाना किया। ये टीमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त कर महिला सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के 13 थाना क्षेत्रों और एक रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार पुलिसकर्मी और एक पीएसआई (पुलिस उप निरीक्षक) प्रभारी तैनात किया गया है। ये टीमें महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध
कराने के साथ संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगी।पिंक पेट्रोलिंग टीमों की नियमित तैनाती स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजार, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रहेगी। विशेष रूप से स्कूल और कॉलेजों में प्रवेश एवं छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा पर फोकस किया जाएगा।इसके अलावा, महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों और डायल-112 के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। टीमों को असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पडऩे पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति आमजन को जागरूक भी किया जाएगा, ताकि महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन), उप पुलिस अधीक्षक (आईजीडब्ल्यू) भारती मरकाम, आकर्षि कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।पिंक पेट्रोलिंग अभियान के समन्वय और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम और उप पुलिस अधीक्षक आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है।दुर्ग पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि छेड़छाड़, उत्पीडऩ या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
००००


