जगदलपुर, 14 नवम्बर (आरएनएस)। बस्तर पुलिस ने बोधघाट थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजा लाने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 53.17 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस की सतर्कता के चलते तस्कर की यह बड़ी खेप छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने से पहले ही पकड़ ली गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा नंबर की एक बाइक (OR 10 D 6439) नगरनार से आड़ावाल की ओर जा रही है। बाइक सवार के पास दो बोरी होने की बात कही गई थी, जिनमें प्रतिबंधित पदार्थ होने की आशंका थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आड़ावाल क्षेत्र में चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की बाइक मौके पर पहुंची, जिसे तुरंत रोक लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रफी शेख (37) बताया। जांच के दौरान उसकी बोरी से भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच में जुटी है।
बंछोर
000

