दुर्ग, 14 नवम्बर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (SVSU) में वर्ष 2018 से जुड़े एक पुराने मामले पर लोक सेवा आयोग ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, पूर्व कुलसचिव सहित कुल पाँच अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों पर कॉलेजों को संबद्धता प्रदान करने के दौरान गंभीर अनियमितताओं और आर्थिक लेन-देन में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। शिकायतें सामने आने के बाद मामले की विस्तृत जांच की गई और जांच रिपोर्ट लोक सेवा आयोग को भेजी गई।
आयोग ने जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन को दोषी अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आदेश जारी होने के बाद विश्वविद्यालय में एक बार फिर से प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मामले से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
बंछोर
000

