0-नेहरू उद्यान में बच्चों ने नेहरू की प्रतिमा को किया नमन
रायपुर, 14 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी में आज देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्म दिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया गया। राजधानी में बाल मेले का आयोजन किया गया तथा बच्चों के लिए अनेक कार्यक्रम किए गए। राजधानी के विभिन्न स्कूलों में भी धूमधाम के साथ मनाया गया। बच्चों ने नेहरू उद्यान पहुंचकर चाचा नेहरू को नमन किया।
कांग्रेस भवन में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने चाचा नेहरू के जीवन पर प्रकाश डाला। भारत गणराज्य के प्रथम प्रधानमंत्री पण्डित जवाहर लाल नेहरू का उनकी 140 वीं जयन्ती पर सादर नमन करने रायपुर नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में नगर निगम जोन 4 के सहयोग से राजधानी शहर के जीई मार्ग के किनारे नगर निगम के गाँधी – नेहरू उद्यान परिसर स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि आयोजन रखा गया. संक्षिप्त पुष्पांजलि आयोजन में पहुंचकर नगर निगम रायपुर के संस्कृति विभाग के अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य प्रतिनिधि श्री संतोष संजना हियाल, जोन 4 सहायक अभियंता श्री दीपक देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री वीरेन्द्र चंद्राकर ने पण्डित जवाहर लाल नेहरू का जयन्ती पर सादर नमन किया. चाचा नेहरू के सम्बोधन से सुप्रसिद्ध भारत गणराज्य के प्रथम प्रधानमंत्री पण्डित जवाहर लाल नेहरू का जयन्ती पर प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों और शिक्षिकाओं ने सादर नमन किया. स्कूल की शिक्षिकाओं से पण्डित जवाहर लाल नेहरू की जीवनी सुनकर स्कूल के विद्यार्थी बच्चे प्रसन्न दिखे।
आर. शर्मा
०००

