० विधायक, जनप्रतिनिधियों सहित संभागायुक्त ने उपार्जन केंद्रों में की धान खरीदी की शुरुआत, केंद्रों में व्यापक व्यवस्थाएँ
रायपुर, 15 नवम्बर (आरएनएस)। जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य का शुभारंभ आज विधिवत रूप से कर दिया गया। विभिन्न उपार्जन केंद्रों में पारंपरिक पूजा-अर्चना और तौल तराजू की पूजा के साथ खरीदी प्रक्रिया आरंभ हुई। किसान उत्साहपूर्वक केंद्रों में पहुँचकर अपना धान विक्रय कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा मॉइश्चर मीटर, तौल उपकरण, बारदाना, टोकन प्रणाली, छायादार बैठने की व्यवस्था तथा पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की गई हैं। जिले के सभी 139 उपार्जन केंद्रों में पंजीकृत 1,34,037 किसानों के लिए खरीदी कार्य को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों की तैनाती के साथ मॉइश्चर मीटर से धान की नमी की जांच कर मानक अनुरूप उपार्जन किया जा रहा है। खरीदी के शुभारंभ अवसर पर कई केंद्रों में किसानों को स्वल्पाहार भी उपलब्ध कराया गया। अभनपुर विधायक श्री इंद्र कुमार साहू उपार्जन केंद्र केंद्री, रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू माना एवं धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा धरसींवा उपार्जन केंद्र पहुंचे और तौल, मॉइश्चर मीटर एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा किसानों का आत्मीय स्वागत किया। अभनपुर सेवा सहकारी समिति में आज संभागायुक्त श्री महादेव कावरे ने भी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर किसानों से संवाद भी किया। ग्राम गनियारी, कठिया समिति एवं अन्य उपार्जन केंद्रों में पूजा-अर्चना के बाद खरीद कार्य प्रारंभ किया गया। कठिया समिति में एक किसान द्वारा 84 क्विंटल धान के लिए टोकन जारी किया गया। सभी केंद्रों में तौल एवं बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ग्रामीण सेवा सहकारी समिति केंद्री में परंपरागत विधि से तौल तराजू की पूजा कर धान खरीदी की शुरुआत की गई। समिति के प्राधिकृत अधिकारियों एवं किसानों ने पूजा-अर्चना उपरांत खरीदी प्रक्रिया आरंभ की। उपार्जन केंद्र पहुंचने वाले किसानों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे केंद्र में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। आरंग क्षेत्र के ग्राम भैंसा, आमोदी एवं खोरसी की सेवा सहकारी समितियों में भी पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में पारागांव, आरंग में खरीदी कार्य शुरू हुआ। सभी केंद्रों पर सुविधाएँ सुव्यवस्थित होने से किसानों को सुगमता से धान विक्रय करने में सहायता मिल रही है। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों में उत्साह और विश्वास का माहौल है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

