रायपुर, 1६ नवम्बर (आरएनएस)। नए साल से रायपुर से मुंबई की हवाई यात्रा और सुविधाजनक होने जा रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस 1 फरवरी से रायपुर-नवी मुंबई के बीच चौथी फ्लाइट शुरू करने जा रही है, जो दोपहर के शेड्यूल में संचालित होगी। वर्तमान में रायपुर-मुंबई रूट पर तीन निजी उड़ानें चल रही हैं, लेकिन इनका किराया अक्सर 10 हजार रुपए से ऊपर रहता है और सीजन में यह दोगुना से ढाई गुना तक बढ़ जाता है। नई उड़ान के शुरू होने से यात्रियों को अधिक विकल्प और उपयुक्त समय उपलब्ध होगा। दो साल पहले एयर इंडिया की मुंबई-रायपुर-विशाखापट्टनम फ्लाइट बंद होने के बाद चौथी कनेक्टिविटी खत्म हो गई थी, जिसे अब इंडिगो पुन: बहाल कर रहा है। नई फ्लाइट 6ई 2283 नवी मुंबई से दोपहर 12.50 बजे रवाना होकर 2.35 बजे रायपुर पहुंचेगी, जबकि वापसी की फ्लाइट 6ई 22844 रायपुर से 3.05 बजे टेकऑफ कर शाम 5.05 बजे मुंबई लैंड करेगी। यह समय व्यापारियों, छात्रों और मेडिकल यात्रियों के लिए लाभदायक माना जा रहा है। फिलहाल रायपुर से मुंबई की उड़ानें सुबह 8.40, 9.40 और शाम 5.35 बजे संचालित होती हैं। वहीं, 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर वार्षिक रनवे रखरखाव के चलते सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक उड़ान संचालन बंद रहेगा, जिसके कारण कई उड़ानें री-शेड्यूल या स्थगित होंगी और रायपुर आने-जाने वाली एक फ्लाइट भी प्रभावित रहेगी।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

