०पी.एम. जवाहर नवोदय विद्यालय के एयर एनसीसी कैडेट्स जगदलपुर में प्राप्त कर रहे उन्नत प्रशिक्षण
जशपुरनगर, 16 नवंबर (आरएनएस)। जिले के युवाओं के एयर फ़ोर्स में करियर बनाने के सपनों को नया पंख मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से पी.एम. जवाहर नवोदय विद्यालय, जशपुर को थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की स्वीकृति मिलने के बाद अब यहां के कैडेट्स उन्नत हवाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।वर्तमान में विद्यालय के पाँच कैडेट्स—आकाश बंजारे, आर्यन निकुंज, अथर्व भगत, अंश कुमार भगत और उत्कर्ष—जगदलपुर में अगला चरण प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनके प्रशिक्षक कमलेश विश्वकर्मा हैं। इससे पहले जशपुर में पहली बार रायपुर के बाहर बेस फ्लाइंग ट्रेनिंग का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूरा हुआ था। अब दूसरा चरण जगदलपुर में चल रहा है, जबकि आगामी प्रशिक्षण सत्र अंबिकापुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं। यह पूरा कार्यक्रम रायपुर ग्रुप और मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।कैडेट्स को सिंगल इंजन, ट्विन-सीटर वायरस स्ङ्ख-80 माइक्रोलाइट विमान से विभिन्न फ्लाइंग मॉड्यूल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह अनुभव न केवल उनके एयर ट्रेनिंग के शुरुआती सफर का महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि सीमित समय में सटीक निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का भी बेहतरीन अवसर है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना, वायुसेना, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का निरंतर सहयोग मिल रहा है। कैडेट्स को एनसीसी के मूल्यों—एकता, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण—को आत्मसात करने पर भी बल दिया जा रहा है।*मुख्यमंत्री ने 25 चयनित छात्रों को लगाया था एनसीसी बैच*हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पी.एम. जवाहर नवोदय विद्यालय के एयर एनसीसी विंग के लिए चयनित 25 प्रतिभाशाली छात्रों (13 बालिकाएं, 12 बालक) को औपचारिक रूप से एनसीसी कैडेट्स का बैच लगाया था। उन्होंने एनसीसी दिवस पर कहा था कि छत्तीसगढ़ में एयर एनसीसी प्रशिक्षण अभी केवल रायपुर तक सीमित है, जबकि जगदलपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर और जशपुर में भी हवाई पट्टी की सुविधा मौजूद है।मुख्यमंत्री की इस दूरदर्शी पहल के परिणामस्वरूप मार्च माह में जशपुर की आगड़ीह हवाई पट्टी को थर्ड सीजी एयर एनसीसी स्क्वाड्रन की अनुमति मिली और प्रशिक्षण के लिए माइक्रोलाइट विमान भी उपलब्ध कराया गया। उसी दौरान लगभग 100 कैडेट्स को पहली बार वास्तविक उड़ान का अनुभव मिला था।इस प्रयास ने जिले के युवाओं के लिए एयर फ़ोर्स सहित विमानन क्षेत्र में नए अवसरों का रास्ता खोल दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

