ऋषिकेश,16 नवंबर (आरएनएस)। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण में किसी भी परिवार को नुकसान होने नहीं दिया जाएगा। परियोजना से प्रभावित सभी लोगों को भूमि के बदले भूमि ओर वाजिब मुआवजा दिलवाने के लिए सीएम से वार्ता की जाएगी। अठूरवाला में एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध को लेकर ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परियोजना से सीधे प्रभावित नौ परिवार प्रभावित हैं, जिन्हें अभी तक सूची में शामिल नहीं किया गया है। उन्हें भी सूची में शामिल किया जाए। उन्हें पूरा मुआवजा और पुनर्वास अधिकार दिया जाए। इसके साथ ही समिति ने यह भी मांग उठाई कि बांध प्रभावित लोगों की जो कृषि भूमि ली गई है, उन्हें भूमि के बदले भूमि दी जाए। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन इसमें जनता के हित सर्वोपरि है और किसी भी परिवार को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि छूटे हुए 09 परिवारों को सूची में शामिल करने, बांध प्रभावितों को कृषि भूमि के बदले भूमि देने, एक समान सर्किल रेट, तथा वाजिब मुआवजा व सुरक्षित पुनर्वास जैसे सभी मुद्दों पर वे मुख्यमंत्री से लेकर विभागीय अधिकारियों तक विस्तृत वार्तालाप करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से इन सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखूँगा। प्रभावितों को न्याय मिलना तय है। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब जनता सुरक्षित और संतुष्ट हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकार को सभी परिवारों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए। मौके पर समिति अध्यक्ष मनजीत सिंह सजवान, ज्ञान सिंह, धर्मेंद्र सिंह, विक्रम सिंह आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

