रायपुर, 17 नवंबर (आरएनएस)। राज्य सरकार ने 15 साल से अधिक पुराने सरकारी और गैर-सरकारी वाहनों को कबाड़ घोषित कर स्क्रैप करने का फैसला कर लिया है। यह कदम केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय, व्यय विभाग के निर्देशों के बाद उठाया गया है। परिवहन विभाग ने सभी विभागों और विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर ऐसे सभी पुराने वाहनों की विस्तृत सूची तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार स्क्रैप किए जाने वाले वाहनों की संख्या के आधार पर विभागों को सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी। परिवहन विभाग ने 2,000 सरकारी और 4,000 गैर-सरकारी वाहनों को स्क्रैप करने का लक्ष्य तय किया है। सरकार का लक्ष्य पुराने वाहन हटाकर प्रदूषण कम करना और वाहन बेड़े को आधुनिक बनाना है।
इस प्रक्रिया की समीक्षा और दिशा-निर्देश तय करने के लिए 21 नवंबर को महानदी भवन में परिवहन सचिव की अध्यक्षता में बैठक* आयोजित की जाएगी। इसमें अधिकारियों को 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों का पंजीयन नंबर, जिम्मेदार अधिकारी/संस्था का नाम, वाहन का प्रकार, वाहन चलन की वर्तमान स्थिति और पहले कबाड़ किए गए वाहनों की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करनी होगी।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पंजीकृत स्क्रैपिंग सेंटर में वाहन स्क्रैप कराने पर वाहन मालिक को *नई गाड़ी खरीदने पर 25त्न टैक्स छूट मिलेगी। वाहन स्क्रैप होने पर एक ऑनलाइन सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट भी दिया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ के सभी ऑटोमोबाइल डीलरशिप में मान्य रहेगा। सरकार का मानना है कि इस अभियान से प्रदूषण में कमी आएगी और राज्य में सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल वाहन व्यवस्था विकसित होगी।
0000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

