बिलासपुर, 17 नवंबर (आरएनएस)। गत 4 नवंबर को गतौरा के पास हुए भीषण रेल हादसे के मामले में अब एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। रेलवे ने जांच की प्रक्रिया के बीच एक वरिष्ठ अधिकारी को अनिवार्य छुट्टी पर भेजते हुए उनकी जिम्मेदारियां बदल दी हैं।*
जानकारी के अनुसार, रेल विभाग के डीओपी एम. आलम को जांच लंबित रहने के दौरान जबरन अवकाश पर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि मेमू ट्रेन के ऑपरेशन में लोको पायलट की ड्यूटी तय करने का जिम्मा एम. आलम का था। उनकी जगह अब टीआरडी विभाग के विवेक कुमार को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि 4 नवंबर को बिलासपुर जिले के गतौरा-लालखदान ओवरब्रिज के बीच गेवरारोड–बिलासपुर एमईएमयू लोकल ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी। शाम करीब 4:10 बजे हुए इस हादसे की टक्कर इतनी भीषण थी कि एमईएमयू के कई कोच मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गए थे। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में भगदड़ मच गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। इस दुर्घटना में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि लगभग 20 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हैं और उनका उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
घटना के बाद रेलवे विभाग ने कई बिंदुओं पर जांच तेज कर दी है, जिसके तहत अब अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

