रायपुर, 17 नवंबर (आरएनएस)। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में बीती रात बीबीए के एक छात्र से सामूहिक मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार पीडि़त छात्र रायगढ़ के कृष्णा वाटिका बोईरदादर का रहने वाला है और रायपुर के अवंति विहार क्षेत्र में रहकर आरआईटी कॉलेज से बीबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। छात्र ने बताया कि घटना 16 नवंबर की रात करीब 11 बजे की है। वह उस समय व्हीआईपी रोड स्थित एफलांज क्लब में दो दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान उसके परिचित काव्य टंडन का फोन आया, जिसने उसकी लोकेशन पूछी। जानकारी मिलने के कुछ देर बाद काव्य टंडन अपने साथी अनुराग के साथ स्कूटी पर क्लब के बाहर पहुंचा और कथित रूप से छात्र को जबरदस्ती अपने साथ ले गया।
छात्र का आरोप है कि दोनों उसे बेबीलोन इंटरनेशनल होटल के पास ले गए और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं दोनों आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की, जिससे उसके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं।
पीडि़त के अनुसार इसके बाद वंश तोरकिया, ट्विंकल यादव और उनके कुछ साथी ब्रेज़ा कार में मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर उसे कार में बैठाया और जोरा मेन रोड के मैदान में ले जाकर बेरहमी से सामूहिक मारपीट की। छात्र किसी तरह वहां से भागकर सीधे तेलीबांधा थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी।
छात्र ने पुलिस को बताया कि मारपीट से उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं और उसे आशंका है कि आरोपी उसे गंभीर नुकसान पहुंचाना चाहते थे। पुलिस ने बयान के आधार पर काव्य टंडन, अनुराग, वंश तोरकिया, ट्विंकल यादव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
घटनास्थलों—एफलांज क्लब के बाहर, बेबीलोन होटल के पास और जोरा मैदान—के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस जुटा रही है, ताकि घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।
वारदात शहर के व्यस्त और वीआईपी इलाकों में होने के कारण छात्र समुदाय में भी भय का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

