0 धान खरीदी को राज्य सरकार ने अति आवश्यक सेवा घोषित
रायपुर, 17 नवंबर (आरएनएस)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी इस बार पहले से ही चुनौतीपूर्ण थी। सहकारी समिति के कई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए, जिससे प्रशासनिक मशीनरी पर अतिरिक्त दबाव आ गया। सरकार ने धान खरीदी को अति आवश्यक सेवा घोषित किया है, इसलिए काम से इंकार करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है।
हड़ताल और प्रशासन की मजबूरी
धान खरीदी को लेकर हर साल व्यवस्थाएं मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन लगातार तैयारी करता है, लेकिन इस बार सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने खरीदी शुरू होने से पहले ही हड़ताल कर दी। इस हड़ताल का सीधा असर किसानों पर पड़ सकता था, इसलिए जिला प्रशासन ने दो कदम उठाए।
राजस्व और कृषि विभाग को जिम्मा
खरीदी केंद्रों पर आरएईओ, पटवारी और नए ऑपरेटरों की तत्काल नियुक्ति की गई. काम से इंकार करने वालों पर अति आवश्यक सेवा अनुरक्षण कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की गई. कार्रवाई का पहला बड़ा चरण सामने आया है।
यहां 13 कर्मचारी बर्खास्त, 3 पर एफआईआर
बलौदाबाजार जिला प्रशासन ने प्रभारी प्रबंधक सहित 13 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया. वहीं 3 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी हो गए हैं। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि धान खरीदी व्यवस्था को किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
जिला खाद्य अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार बर्खास्त किए गए 13 कर्मचारियों में प्रबंधक शामिल हैं। ये कर्मचारी लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित थे और प्रशासनिक आदेशों का पालन नहीं कर रहे थे।
हड़ताल कर रहे 13 कर्मचारी बर्खास्त
सिमगा विकासखंड
मंजुला शर्मा, प्रबंधक, सिमगा समिति, राकेश कुमार टंडन, प्रबंधक, खोखली समिति, मूलचंद वर्मा, प्रबंधक, धुर्राबांधा समिति, धर्मेंद्र साहू, प्रबंधक, रोहांसी समिति, रामकुमार साहू, प्रबंधक , तिल्दा समिति
कसडोल विकासखंड
नंद कुमार पटेल, विक्रेता, गिरौद समिति, गोकुल प्रसाद साहू, विक्रेता – हसुआ समिति, ललित साहू, विक्रेता, थरगांव समिति, रामस्वरूप यादव, विक्रेता, कटगी समिति, खेलसिंग कैवत्र्य, विक्रेता, चिखली समिति, अमित साहू, विक्रेता, कोसमसरा समिति, भीम साहू, विक्रेता सरखोर समिति
रविकमल, विक्रेता लवन समिति ये सभी कर्मचारी बिना अनुमति ड्यूटी छोड़ चुके थे और धान खरीदी कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
3 कर्मचारियों पर एफआईआर की तैयारी
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि निम्न कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करने शाखा प्रबंधक को पत्र भेज दिया गया है:राजेंद्र चंद्राकर, प्रभारी प्रबंधक, कोनारी समिति, पलारी, बीरेंद्र साहू, कंप्यूटर ऑपरेटर – रोहरा समिति, टीका राम वर्मा, विक्रेता रिसदा समिति
इन कर्मचारियों पर आरोप है कि ये खरीदी प्रक्रिया को जानबूझकर बाधित कर रहे थे। आदेश के बावजूद केंद्र पर उपस्थित नहीं हुए. हड़ताल के दौरान किसानों को गलत जानकारी दी। प्रशासनिक प्रक्रिया में अवरोध पैदा किया।
एसएस
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

