कबीरधाम, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में वार्षिक चांदमारी (फायरिंग अभ्यास) का आयोजन शुरू कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और पंकज पटेल के मार्गदर्शन में सभी थाना व चौकी के पुलिसकर्मी निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रतिदिन फायरिंग ट्रेनिंग में हिस्सा ले रहे हैं। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यह वार्षिक अभ्यास पुलिस प्रशिक्षण का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जवानों की फायरिंग क्षमता, हथियार संचालन की दक्षता और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए हर पुलिसकर्मी का फिट और तकनीकी रूप से दक्ष होना बेहद जरूरी है। नियमित फायरिंग अभ्यास से जवानों में आत्मविश्वास भी बढ़ता है और निशानेबाजी कौशल में सुधार होता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने अभ्यास स्थल का निरीक्षण कर जवानों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन, हथियारों की तकनीकी जांच और अनुभवी प्रशिक्षकों की निगरानी में फायरिंग करवाने पर जोर दिया।
कबीरधाम पुलिस का यह वार्षिक चांदमारी अभ्यास आने वाले दिनों तक जारी रहेगा। इसमें पूरे जिले के थाना, चौकी और विशेष इकाइयों के पुलिसकर्मी भाग ले रहे हैं। विभाग का लक्ष्य है कि हर जवान बेहतर प्रशिक्षण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सके और जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान कर सके।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

