० के9 नक्सल सेंटिनल की उपाधि पाकर बढ़ाया देश का गौरव
भिलाईं, 17 नवम्बर (आरएनएस)। दिनांक 08 नवम्बर 2025 को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय , गांधीनगर द्वारा हैदराबाद में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय के9 ब्रेवरी अवॉर्ड 2025 समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा विभिन्न राज्य पुलिस संगठनों के सर्वश्रेष्ठ श्वानों को सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर में सुरक्षा अभियानों में श्वानों द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका को सराहना एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान करना था। सामरिक मुख्यालय, बी0एस0एफ (स्पेशल-ऑप्स) छत्तीसगढ़ को इस वर्ष 02 उत्कृष्ट श्वानों के साथ बी0एस0एफ का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ। टीम का नेतृत्व डॉ. राम मेहर सिंह, उप समादेष्टा (वेटनरी), क्षेत्रीय मुख्यालय बी0एस0एफ, दुर्ग द्वारा किया गया। दल में 40वीं बटालियन बी0एस0एफ के श्वान बाबू (बेल्जियन शेफर्ड/मेल) और हैंडलर ब्रिंदाबन तमुली, विकाश विश्वास तथा 181वीं बटालियन बी0एस0एफ की ओर से श्वान बबीता (स्वदेशी रामपुर हाउंड/फीमेल) एवं हैंडलर तपन दास, अमरिक सिंह शामिल थे। श्वान बाबू ने विस्फोटक खोज श्रेणी में और श्वान बबीता ने ट्रैकर श्वान श्रेणी में बी0एस0एफ का प्रतिनिधित्व किया। अपने अद्वितीय साहस, तेज संवेदनशीलता और असाधारण प्रदर्शन के लिए 40वीं बटालियन के श्वान बाबू को राष्ट्रीय के9 ब्रेवरी अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया। उन्होंने एलडब्ल्यूई प्रभावित अग्रिम क्षेत्रों में 09 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइसेस का सफलतापूर्वक पता लगाकर अनेक सुरक्षा बल कर्मियों तथा स्थानीय नागरिकों की जान बचाई। उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन एन0एस0जी, एस0एस0बी, तेलंगाना पुलिस, सी0 आर0पी0एफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के सर्वश्रेष्ठ श्वानो के साथ किया गया, जिसमें श्वान बाबू ने अपनी उत्कृष्ट सटीकता और पेशेवर क्षमता से सभी को प्रभावित किया। श्वान बाबू की अदम्य वीरता और राष्ट्र सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान के मद्देनजऱ उन्हें के9 नक्सल सेंटिनल की गौरवशाली उपाधि भी प्रदान की गई, जो उनकी असाधारण उपलब्धि और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। दिनांक 17 नवम्बर 2025 को रिसाली स्थित सामरिक मुख्यालय, महानिरीक्षक बी0एस0एफ (स्पेशल-ऑप्स) छत्तीसगढ़ के महानिरीक्षक आनंद प्रताप सिंह, भारतीय पुलिस सेवा, ने डॉग हैंडलर्स दल को बधाई देते हुए कहा कि श्वान बाबू और श्वान बबीता ने सुरक्षा अभियानों में अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अद्वितीय साहस और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिचय देकर बी0एस0एफ तथा पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सेवा भावना, प्रतिबद्धता और वीरता, बी0एस0एफ की सर्वोत्तम परंपराओं को प्रतिबिंबित करती है। बी0एस0एफ परिवार तथा देश उनके हिम्मत, समर्पण और अनुकरणीय सेवा पर गर्व करता है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

