छठे दिन बेरोजग़ारी, भर्ती घोटालों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सरकार को घेरा
सुल्तानपुर/लखनऊ, 17 नवंबर (आरएनएस )। आम आदमी पार्टी की रोजग़ार दो–सामाजिक न्याय दो पदयात्रा का छठा दिन सुल्तानपुर जिले में जबरदस्त जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ा। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में यह पदयात्रा सुबह 10 बजे कौमी निस्वान कॉलेज, बहादुरपुर से शुरू हुई और दिनभर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शाम तक मां भगवती लॉन, उतारी पहुंची। जैसे ही यात्रा जेल मोड़ के समीप गभडिय़ा इलाके में पहुंची, स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं, नारों और तालियों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। युवा, महिला समूह, किसान, बुनकर, मजदूर, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और छोटे उद्यमी बड़ी संख्या में शामिल होकर इसे एक विशाल जनआंदोलन में बदलते दिखे।संजय सिंह ने पदयात्रा के दौरान बेरोजग़ारी, भर्ती घोटालों, पेपर लीक, किसानों के घटते फसल मूल्य, बुनकर समुदाय की आर्थिक मुश्किलों, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के कम मानदेय और लघु–कुटीर–मध्यम उद्योगों में रोजगार के संकट जैसे मुद्दों पर सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का दलित, पिछड़ा, शोषित और वंचित समाज आज अपनी मेहनत और अधिकारों के बावजूद अपमान और अन्याय झेल रहा है। यह पदयात्रा इन्हीं वर्गों को न्याय और सम्मान दिलाने के उद्देश्य से निकाली गई है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आउटसोर्सिंग के नाम पर सरकारी नौकरियां खत्म की जा रही हैं, जबकि हजारों सरकारी पद वर्षों से खाली पड़े हैं। भर्ती निकालने में सरकार की उदासीनता और परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश बेरोजग़ारी की नई राजधानी बन चुका है, जहां लाखों युवा घरों में बैठने को मजबूर हैं और सरकारी विभागों में भर्तियां लंबित हैं—शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस और अन्य विभागों में सैकड़ों पद खाली होने के बावजूद भर्ती नहीं हो रही।पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों, छात्रों और स्थानीय व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और चिंताओं को खुलकर साझा किया। कई युवाओं ने बताया कि वर्षों से भर्ती प्रक्रिया ठप होने और पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी जि़ंदगी और भविष्य को रोक दिया है। संजय सिंह रास्ते भर लोगों से संवाद करते रहे और उनकी रोजग़ार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़ी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।शाम को पदयात्रा मां भगवती लॉन, उतारी पहुंची, जहां भारी संख्या में लोगों ने संजय सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। रोजग़ार दो–सामाजिक न्याय दो पदयात्रा कल सुल्तानपुर के अन्य क्षेत्रों से होते हुए अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

