बीजापुर, 17 नवम्बर (आरएनएस)। पुनर्वास केंद्र बीजापुर में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत तीसरा साक्षरता बैच 07 नवंबर 2025 से संचालित किया जा रहा है, जिसमें कुल 92 आत्मसमर्पित नक्सली बुनियादी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सोमवार, 17 नवंबर को पुनर्वास केंद्र में विभिन्न विभागों द्वारा संयुक्त शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की टीम भी उपस्थित रही। शिविर में जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के जिला परियोजना अधिकारी कमलदास झाड़ी ने गोंडी बोली में शिक्षार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाया और आवश्यक अध्ययन सामग्री वितरित की। अधिकारी ने पढ़ाई से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर देकर अपनी कॉपियों में लिखकर प्रस्तुत किया। अधिकारी ने बताया कि आगामी 7 दिसम्बर 2025 को आयोजित होने वाली महापरीक्षा में सभी शिक्षार्थियों को शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

