हरिद्वार,17 नवंबर (आरएनएस)। सहकारी गन्ना विकास समिति ज्वालापुर कार्यालय में पिछले एक सप्ताह से धरना दे रहे भाकियू (क्रांति) के किसानों ने मांगें पूरी होने पर कार्यालय पर तालाबंदी खोलकर धरना समाप्त कर दिया। किसान सुविधानुसार बंद पड़े 14 गन्ना केन्द्र खोलने की मांग कर रहे थे। सहायक गन्ना आयुक्त के साथ भी बैठक बेनतीजा रही थी, जिसके बाद किसानों ने तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। इस दौरान किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी को भी बंधक बना लिया था। तालाबंदी के कारण कर्मचारी कोई भी कार्य नहीं कर पा रहे थे जिससे सरकारी कार्यों में देरी हो रही थी। गन्ना आयुक्त के साथ किसानों की फोन पर वार्ता होती रही। सोमवार को जैसे ही 14 केंद्रों को खोलने के आदेश आए किसानों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और गन्ना मंत्री का आभार जताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी ने कहा कि 14 सेंटर खोलने का आदेश पारित हो गया है। गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा का धन्यवाद जिन्होंने किसानों की बात सुनी और मानी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष इन्हीं केंद्रों पर गन्ना बेचा गया था और इस वर्ष बंद होने से किसानों को बहुत नुकसान हो रहा था। अब 14 केंद्र खोलने का आदेश आ गया है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जोध सिंह, युवा जिलाध्यक्ष भानु सैनी, कर्मवीर सिंह, महिपाल सिंह, मांगेराम, मुकेश, जुगल किशोर, वेदपाल सिंह, केहर सिंह, दल सिंह, मेघराज सिंह, राकेश धीमान, करन सिंह, इलम सिंह, कमल सिंह, सत्यपाल सिंह, चतर सिंह, साधु राम आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

